मुरादाबाद में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का समापन हो गया है। इस प्रतियोगिता में वाराणसी ने टीम चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि मेरठ दूसरे और कानपुर तीसरे स्थान पर रहा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुरादाबाद में खेल निदेशालय, लखनऊ और उत्तर प्रदेश प्रदेशीय क्रीड़ा संघ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। समापन समारोह में मुरादाबाद के महापौर विनोद कुमार अग्रवाल ने पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी चंचल मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय, क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव डॉ. अजय पाठक, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव राजकुमार मिश्रा और जिला कुश्ती संघ के सचिव पवन कुमार सिसोदिया सहित कई खेल अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में गोरखपुर के अजयपाल ने प्रथम और मुरादाबाद के रविंद्र ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 86 किलोग्राम में मेरठ के शिवम विकल विजेता बने, जबकि 92 किलोग्राम में वाराणसी के सजनपाल ने खिताब जीता। 97 किलोग्राम में मेरठ के रोहित और 125 किलोग्राम में वाराणसी के अभिषेक यादव ने स्वर्ण पदक हासिल किया। ग्रीको रोमन शैली में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 55 किलोग्राम वर्ग में वाराणसी के अवधेश यादव और 60 किलोग्राम वर्ग में मेरठ छात्रावास के दीपक यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम चैंपियनशिप में वाराणसी ने कुल 265 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। मेरठ 250 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कानपुर ने 160 अंकों के साथ तीसरा और मेजबान मुरादाबाद ने 130 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में निर्णायक मंडल के सदस्य राम सजन यादव, रवि कुमार, आदेश कुमार और सुनील यादव भी मौजूद रहे। इस सफल आयोजन में जिला कुश्ती संघ और खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


