फतेहाबाद जिले के गांव पीलीमंदोरी में 2 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने पर बीजेपी संगठन और पूर्व सीएम स्व.चौधरी भजनलाल परिवार पूरा जोर लगा रहे हैं। कार्यक्रम में लोगों को बुलाने के लिए सिर्फ फतेहाबाद ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिलों के नेता भी सक्रिय हो गए हैं।
पूर्व विधायक दुड़ाराम जहां फतेहाबाद विधानसभा से लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं, वहीं पड़ोसी जिले हिसार के आदमपुर और नलवा क्षेत्र के नेता भी जनसंपर्क में जुट गए हैं। भजनल परिवार के खासमखास नलवा विधायक रणधीर पनिहार भी जनसंपर्क कर रहे हैं। पंडित जसराज जयंती पर होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
दरअसल, 2 फरवरी को देश के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पद्म विभूषण पंडित जसराज की राज्य स्तरीय जयंती उनके पैतृक गांव पीलीमंदोरी में मनाई जाएगी। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से मिरासी समाज के लोगों को भी बुलाया गया है। पंडित जसराज के बेटा-बेटी भी होंगे शामिल
इस कार्यक्रम में पंडित जसराज के बेटे सारंगदेव और बेटी दुर्गा जसराज भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ही सीएम नायब सैनी पंडित जसराज की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा गांव पीलीमंदोरी में पंडित जसराज के पिता मोतीराम के नाम पर बनी लाइब्रेरी में लगेगी। सीएम दौरे से विकास कार्यों की घोषणा की उम्मीद सीएम नायब सैनी के दौरे के चलते स्थानीय नेताओं को विकास कार्यों की घोषणाओं की भी उम्मीद जगी हुई है। पूर्व विधायक दुड़ाराम से लेकर ग्राम पंचायत तक की ओर से मांग पत्र तैयार किए जा रहे हैं। इन मांग पत्रों पर सीएम मुहर लगा दें, इसीलिए भीड़ बढ़ाने की कोशिश हो रही है।


