भास्कर संवाददाता | आगर मालवा भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित जिज्ञासा, समाधान एवं सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गान से हुई, जिससे माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। समारोह में अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, एसडीएम मिलिंद ढोके, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, संरक्षक डॉ. रमेश अग्रवाल, डीसीबी बैंक के जोनल हेड प्रतीक, अन्नपूर्णा सिसौदिया, प्रो. आचार्य राघव कीर्ति, ब्रजमोहन मेठी एवं सुधा मेठी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंचासीन अतिथियों का परिषद की ओर से सम्मान किया गया। साथ ही नगर में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिसमें नपा अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, डॉ. संदीप चोपड़ा, उमा शर्मा सहित 21 लोगों को स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रो. आचार्य राघव कीर्ति ने वास्तु से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान बताया। अन्नपूर्णा सिसौदिया ने योग के लाभ समझाए। वहीं डीसीबी बैंक के प्रतीक ने सही बैंक चयन और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए। अपर कलेक्टर वर्मा ने रामायण की चौपाइयों के माध्यम से कैकेयी, राम और हनुमान से जुड़े प्रसंग सुनाए। जिला अध्यक्ष ओम मालवीय ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया और इसे समय की जरूरत बताया। संचालन राजेंद्र शर्मा ने किया। आयोजन राजेश मेठी के संयोजन में हुआ। डॉ. रमेश अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।


