बिजनौर शहर के एक बड़े कारोबारी पर अपनी पुत्रवधू से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, पति, जेठ और सास समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली निवासी महिला ने शहर कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने करीब 11 साल पहले अपनी बेटी का निकाह बिजनौर निवासी एक युवक से किया था। शादी के बाद उनकी बेटी के दो बच्चे हुए। आरोप है कि इसी दौरान दामाद के मेरठ निवासी एक महिला से अवैध संबंध हो गए। जब बेटी ने इसका विरोध किया, तो दामाद ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकालने की धमकी दी। पीड़िता ने यह बात अपने ससुर को बताई। आरोप है कि ससुर ने सब कुछ जानने की बात कहते हुए अपनी संपत्ति का हवाला दिया और उसे तीसरी पत्नी के रूप में रखने तथा निकाह करने का प्रलोभन दिया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ससुर ने कथित तौर पर 13 अगस्त को पिस्टल के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि जब पीड़िता ने घटना की जानकारी परिवार को दी, तो पति, जेठ और सास ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में ससुर, पति, जेठ और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


