कला स्रोत आर्ट गैलरी, अलीगंज में तीन दिवसीय सोलो आर्ट एग्ज़िबिशन ‘अनुभूति’ शुरू हो गई है। प्रसिद्ध कलाकार शिखा पांडे की इस प्रदर्शनी का विषय ‘रंग, रूह और कहानियाँ’ रखा गया है। इसमें शिखा की जीवन यात्रा, भावनाएं और अनुभव कैनवास पर जीवंत हुए हैं। शिखा पांडे ने बताया कि यह प्रदर्शनी अगले तीन दिनों तक चलेगी, जो सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी उनके जीवन की यात्रा को दर्शाती है, जिसमें मानवीय भावनाओं और विभिन्न अनुभवों को पेंटिंग्स के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। सपनों और आत्मविश्वास को बारीकी से उकेरा गया प्रदर्शनी में ‘नंदी सीरीज’ विशेष आकर्षण का केंद्र है, जिसमें 12 ज्योतिर्लिंगों को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाया गया है। इसके साथ ही, ‘आदित्य नारी शक्ति’ विषय पर आधारित महिला सशक्तिकरण की पेंटिंग्स में महिलाओं के संघर्ष,कठिनाइयों, सपनों और आत्मविश्वास को बारीकी से उकेरा गया है।ये कलाकृतियाँ आज की महिलाओं को बेहतर भविष्य का सपना देखते हुए, हिम्मत के साथ चुनौतियों का सामना करते हुए दिखाती हैं। दर्शकों को काशी विश्वनाथ और बनारस के घाटों से जुड़ी पेंटिंग्स भी खूब आकर्षित कर रही हैं। शिखा पांडे ने बताया कि तीन साल पहले काशी यात्रा के दौरान गंगा किनारे की शांति और घाटों की भव्यता ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया था। उसी अनुभव और वहाँ खींची गई तस्वीरों के आधार पर उन्होंने ‘बनारस घाट सीरीज’ तैयार की,जिसमें उनका निजी अनुभव स्पष्ट रूप से झलकता है। जीवन के अनुभवों को पेंटिंग्स में बेहद खूबसूरती से दर्शाया शिखा ने बताया कि वे यह काम अपने जुनून के लिए करती हैं। प्रदर्शनी में पेंटिंग्स की कीमत 18 हजार रुपये से शुरू होकर 60 हजार रुपये तक रखी गई है। इस अवसर पर दिल्ली से आईं कलाकार निकिता जैन ने प्रदर्शनी की सराहना की।उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में एक आर्ट एकेडमी चलाती हैं और लंबे समय से शिखा के साथ पेंटिंग कर रही हैं। निकिता ने कहा कि शिखा ने अपनी भावनाओं और जीवन के अनुभवों को पेंटिंग्स में बेहद खूबसूरती से दर्शाया है। प्रदर्शनी में तीन से चार अलग-अलग सीरीज की पेंटिंग्स हैं।


