अयोध्या में अवैध प्लॉटिंग पर चला विकास प्राधिकरण का बुलडोजर:कटरौली, सोहावल, धन्नीपुर में बिना ले-आउट नक्शे के निर्माण ध्वस्त

अयोध्या में अवैध प्लॉटिंग पर चला विकास प्राधिकरण का बुलडोजर:कटरौली, सोहावल, धन्नीपुर में बिना ले-आउट नक्शे के निर्माण ध्वस्त

अयोध्या विकास प्राधिकरण ने सोहावल तहसील क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिना ले-आउट नक्शा स्वीकृत कराए विकसित किए जा रहे प्लॉटों पर बुलडोजर चलाकर सड़क, बाउंड्री और डिवाइडर सहित किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई कटरौली, सोहावल चौराहा और धन्नीपुर मस्जिद के सामने स्थित क्षेत्रों में की गई, जहां भू-माफियाओं द्वारा नियमों को दरकिनार कर अवैध रूप से भूमि की प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से काटे गए प्लॉटों की आंतरिक सड़कें, बाउंड्री वॉल और डिवाइडर निर्माण को पूरी तरह गिरा दिया।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि पर बिना ले-आउट नक्शा की स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी, जो अयोध्या विकास प्राधिकरण के नियमों के स्पष्ट रूप से विरुद्ध है। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता (एई) राकेश तोमर और अवर अभियंता चंदन गुप्ता मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। एडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध प्लॉटिंग न केवल शहरी नियोजन को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि आम लोगों को भी भविष्य में गंभीर कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या जमीन की खरीद से पहले संबंधित ले-आउट नक्शा, भूमि उपयोग और प्राधिकरण की स्वीकृति की पूरी जांच अवश्य कर लें। ऐसा न करने पर खरीदारों को कानूनी विवाद, निर्माण ध्वस्तीकरण और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *