गभाना के भामरौला में शुक्रवार शाम एक युवक ने अपने ममेरे भाई के सिर में गोली मार दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई जब कन्हैया और उसका ममेरा भाई जयप्रकाश (निवासी दिल्ली) साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कन्हैया ने अपनी अवैध पिस्टल से जयप्रकाश पर गोली चला दी। गोली सीधे जयप्रकाश के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जयप्रकाश को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। पुलिस के पहुंचने के बाद फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। सीओ गभाना धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपी कन्हैया घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश जारी है। घायल जयप्रकाश पुत्र कालीचरण दिल्ली के नांगलोई का निवासी है।


