घाटमपुर में ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत:मुगल रोड पर शव रखकर ग्रामीणों ने जाम लगाया, 2 घंटे तक हंगामा हुआ

घाटमपुर में ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत:मुगल रोड पर शव रखकर ग्रामीणों ने जाम लगाया, 2 घंटे तक हंगामा हुआ

घाटमपुर सर्किल के रेउना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुगलरोड स्थित शाखा जनवारा गांव के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। घायल अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की पहचान रेउना थाना क्षेत्र के ललकी पुरवा निवासी 32 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है। बताया गया कि नरेंद्र बाइक से दूध लेकर मूसानगर गया था। दूध डालने के बाद जब वह वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी शाखा जनवारा गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद युवक ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इधर युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीण शव को लेकर गांव के सामने सड़क पर बैठ गए और मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे।
जाम की सूचना मिलते ही घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों व ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया। साथ ही फोन पर घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह से भी बात कराई गई। अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई और हर संभव सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया गया। इस दौरान मुगलरोड पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। आश्वासन के बाद ग्रामीणों मुगल रोड पर जाम समाप्त कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *