मंदसौर विधायक ने CM को विकास-परक मांग पत्र सौंपा:कृषि, सड़क, शिक्षा और सिंहस्थ 2028 के लिए परियोजनाओं पर स्वीकृति की मांग

मंदसौर विधायक ने CM को विकास-परक मांग पत्र सौंपा:कृषि, सड़क, शिक्षा और सिंहस्थ 2028 के लिए परियोजनाओं पर स्वीकृति की मांग

मंदसौर में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन के साथ ही जिले के विकास को नई गति मिलने के संकेत मिले हैं। विधायक विपिन जैन ने मुख्यमंत्री को विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ा विस्तृत और बहुआयामी मांग-पत्र सौंपते हुए आगामी बजट सत्र (16 फरवरी से प्रारंभ) में स्वीकृति देने का आग्रह किया। विधायक ने स्पष्ट किया कि यह मांग-पत्र केवल योजनाओं की सूची नहीं, बल्कि मंदसौर के भविष्य का विजन डॉक्यूमेंट है, जिसमें आस्था, कृषि, यातायात, शिक्षा और ग्रामीण विकास को केंद्र में रखा गया है। विधायक ने बताया कि पशुपतिनाथ लोक का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। अब श्रद्धालुओं की सुविधा और परिसर की भव्यता को और बढ़ाने के लिए द्वितीय चरण के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया गया। 19 सड़कों का जाल, गांव-गांव तक विकास की पहुंच
मंदसौर विधानसभा क्षेत्र की 19 महत्वपूर्ण सड़कों को स्वीकृत करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इनमें बनी-माउखेड़ी, सरसोद मगरे-भीमरुंडी, पलसोड़ा-धंधोंडा, भालोट-अचेरा, पटेला-सरसोद, जवासिया-डोराना, भंडारिया-गरोड़ा, दलोदा सगरा-लखमाखेड़ी, सिंदपन-साबाखेड़ा, धारियाखेड़ी-रलायता सहित कई प्रमुख ग्रामीण मार्ग शामिल हैं, जिनकी मांग लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। वर्ष 2019-20 की अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी मजबूती से उठाया गया। विधायक ने बताया कि स्वीकृत मुआवजा राशि में से अब भी 27 करोड़ 47 लाख 55 हजार 734 रुपए की राशि शेष है, जो 15,186 किसानों को मिलना बाकी है। मुख्यमंत्री से किसानों को शीघ्र भुगतान कराने का अनुरोध किया गया। दलौदा-अकोदड़ा मार्ग टू-लेन, मंडी और मंदिर दोनों को राहत
दलौदा एलची होते हुए सेमलिया, अकोदड़ा और करजू तक जाने वाला मार्ग वर्तमान में सिंगल है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में किसान मंडी आते हैं और अकोदड़ा का प्रसिद्ध माताजी मंदिर भी इसी मार्ग पर है। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इसे टू-लेन करने की मांग रखी गई। सिंहस्थ 2028 को देखते हुए पशुपतिनाथ पहुंच मार्ग चौड़ा करने की मांग
महाराणा प्रताप चौराहा से नयापुरा रोड, शुक्ला चौक, धान मंडी, प्रतापगढ़ पुलिया होते हुए पशुपतिनाथ मंदिर तक पहुंच मार्ग को सिंहस्थ मद 2028 के अंतर्गत चौड़ा कर सीसी निर्माण कराने का आग्रह किया गया। विधायक ने कहा कि सिंहस्थ में लाखों श्रद्धालु पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचेंगे, ऐसे में यह कार्य अत्यंत आवश्यक है। राजाराम फैक्ट्री से काबरा पेट्रोल पंप तक का मार्ग, जो शहर का प्रमुख व्यापारिक और अत्यधिक यातायात वाला क्षेत्र है, आए दिन जाम से जूझता है। इसे सिक्स लेन करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। रामजानकी मंदिर निम्बोद-देहरी के लिए राशि स्वीकृति का आग्रह
प्राचीन और ऐतिहासिक श्री रामजानकी मंदिर निम्बोद (20.33 लाख) और देहरी (17.92 लाख) के जीर्णोद्धार हेतु प्राक्कलन तैयार कर धर्मस्व विभाग को भेजा जा चुका है। सिंहस्थ पूर्व राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया। विधानसभा क्षेत्र की 12 ग्राम पंचायतों दलौदा सगरा, आक्या, कटलार, जमालपुरा, नंदावता, बादाखेड़ी, राकोदा, लालाखेड़ा, अघोरिया, भावगढ़, एलची और अरनिया निजामुद्दीन में नवीन मांगलिक भवन स्वीकृत करने की सूची भी मुख्यमंत्री को सौंपी गई। खजुरिया सारंग और निम्बोद स्कूल होंगे हायर सेकेंडरी
ग्रामीण विद्यार्थियों की शिक्षा को नई दिशा देने के लिए खजुरिया सारंग और निम्बोद के हाई स्कूलों को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। विधायक विपिन जैन ने कहा कि “मंदसौर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। किसानों का हक, श्रद्धालुओं की सुविधा और युवाओं का भविष्य तीनों हमारी प्राथमिकता हैं।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *