सपा प्रवक्ता का आरोप, भाजपा सरकार कर रही भेदभाव:मतदाता सूची में त्रुटियां, पूंजीपतियों को जा रहा जनता का पैसा

सपा प्रवक्ता का आरोप, भाजपा सरकार कर रही भेदभाव:मतदाता सूची में त्रुटियां, पूंजीपतियों को जा रहा जनता का पैसा

सुल्तानपुर में पूर्व विधायक और सपा प्रवक्ता अनूप संडा ने पीडीए सम्मान एवं जागरण पद यात्रा का समापन किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भाजपा सरकार पर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। संडा ने कहा कि यह पदयात्रा भाजपा की अलोकतांत्रिक, तानाशाह और भेदभावपूर्ण सरकार के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए निकाली गई थी। उन्होंने दावा किया कि सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही कवायद में मतदाता सूचियों में गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश चुनाव आयोग द्वारा ग्रामीण पंचायत चुनाव के लिए जारी मतदाता सूची में 12 करोड़ 55 लाख मतदाता थे, जबकि SIR के बाद प्रकाशित सूची में 12 करोड़ 69 लाख मतदाता दर्ज हैं। संडा ने सवाल उठाया कि शहरी क्षेत्रों के लगभग 3.5 करोड़ मतदाता कहां गए। उन्होंने इसे जनता में भ्रम फैलाने वाला बताया। सपा प्रवक्ता ने लोगों से अपील की कि SIR में जिन लोगों को नोटिस मिल रही है, वे उसका जवाब दें। साथ ही, जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म 6 भरकर अपना नाम जुड़वाएं। संडा ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, छात्र और बेरोजगार सभी पीड़ित हैं। इस पदयात्रा के माध्यम से लगभग 40 गांवों और 150 पोलिंग बूथों का भ्रमण कर जनता को जागरूक किया गया। उन्होंने भाजपा सरकार पर झूठ बोलकर हिंदू-मुस्लिम में फूट डालने और जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा अडानी और अंबानी जैसे पूंजीपतियों की तिजोरियों में भरने का आरोप लगाया। संडा ने किसानों की छुट्टा जानवरों, खाद और सिंचाई की समस्याओं को भी उठाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *