डीडवाना-कुचामन जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुचामन शहर सहित चार थाना क्षेत्रों में सघन नाकाबंदी और वाहन चेकिंग की गई, जिसमें कुल 132 वाहनों के चालान काटे गए।
यह अभियान डीडवाना-कुचामन की पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देशन में तथा कुचामन शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में चलाया गया। अभियान के तहत कुचामन सिटी थानाधिकारी सतपाल सिंह, चितावा थानाधिकारी तेजाराम पुनिया, नांवा थानाधिकारी नंदलाल रिणवा पुनिया और मारोठ थानाधिकारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में कुचामन सिटी सेक्टर में एक साथ नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म लगे वाहन, हेलमेट नहीं पहनने और तेज गति से वाहन चलाने सहित विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस थाना कुचामन सिटी ने 18 चालान कर 2,200 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं, यातायात शाखा कुचामन सिटी द्वारा तेज गति के 75 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त, पुलिस थाना नांवा में 16 चालान कर 4,000 रुपये, पुलिस थाना मारोठ में 18 चालान कर 7,300 रुपये और पुलिस थाना चितावा में 5 चालान कर 1,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।


