करनाल में गारमेंट शॉप पर बड़ी चोरी:रात में शटर काटकर घुसे चोर, महंगी पेंट्स और कैश लेकर फराऱ

करनाल में गारमेंट शॉप पर बड़ी चोरी:रात में शटर काटकर घुसे चोर, महंगी पेंट्स और कैश लेकर फराऱ

करनाल में पुराने बस स्टैंड के नजदीक स्थित एक गारमेंट दुकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात के समय दुकान का ताला तोड़कर और शटर काटकर चोर अंदर घुसे। उन्होंने दुकान में रखी महंगी पेंट्स को निशाना बनाया और अन्य सामान व नकदी भी समेट ले गए। सुबह घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। रात को बंद की दुकान, सुबह दिखा नुकसान
दुकानदार पंकज कुमार ने बताया कि वीरवार की रात वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। शुक्रवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो ताले टूटे हुए थे और शटर कटा हुआ मिला। शटर उठाकर अंदर जाने पर चोरी की पुष्टि हो गई। दुकान में रखी महंगी पेंट्स गायब थीं। इसके अलावा अन्य सामान और गल्ले में रखा कुछ कैश भी नहीं मिला। ढाई से तीन लाख का सामान, 8 से 10 हजार कैश चोरी
पंकज कुमार के अनुसार चोरों ने करीब ढाई से तीन लाख रुपए का सामान चोरी किया है। इसके साथ ही गल्ले में रखे 8 से 10 हजार रुपए भी ले गए। दुकानदार का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में सामान किसी एक व्यक्ति द्वारा ले जाना संभव नहीं है और न ही इसे बाइक पर ढोया जा सकता है। आशंका है कि सामान को बोरों में भरकर किसी गाड़ी में लोड कर ले जाया गया होगा। सीसीटीवी था, लेकिन बंद होने से नहीं मिले फुटेज
दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, लेकिन पंकज कुमार ने बताया कि वह कैमरा बंद करके चला गया था। अक्सर शॉर्ट सर्किट का खतरा बना रहता है, इसी कारण कैमरा चालू नहीं रखा गया। इसका फायदा चोरों को मिला और वे कैमरे में कैद नहीं हो सके। रैकी की आशंका, दुकानदारों में दहशत
दुकानदार का कहना है कि चोरी से पहले किसी ने रैकी की हो सकती है। जिस तरीके से शटर काटा गया और महंगा सामान चुना गया, उससे साफ है कि चोरों को दुकान की पूरी जानकारी थी। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शुरू की जांच, आसपास के कैमरे खंगाले जाएंगे
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकानदार पंकज कुमार से पूरी घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे कैमरों की जांच की जाएगी, ताकि चोरों तक पहुंचने के लिए कोई सुराग मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *