रोहतक जिले के गिरावड़ गांव स्थित राजकीय कन्या उच्च स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से एक लाख रुपए से ज्यादा का सामान चोरी हो गया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। स्कूल में मरम्मत कार्य चल रहा था राजकीय कन्या स्कूल गिरावड़ के प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार ने लाखन माजरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि स्कूल में पिछले 20 दिनों से मरम्मत का कार्य चल रहा था। मंगलवार को जब वह कार्य का निरीक्षण कर रहे थे, तो उन्होंने कमरा नंबर 4, 5, 6, 7 और 8 के ताले टूटे हुए पाए। चोरों ने इस सामान पर किया हाथ साफ कमरा नंबर चार, जो प्राथमिक विभाग का ऑफिस है, वहां से दो इन्वर्टर, एक बैटरी, एक सीपीयू, एक एचपी कंपनी की एलईडी, सबमर्सिबल की 200 फुट तार और वर्ष 2016 से पहले का परिणाम रजिस्टर चोरी हो गया।इसके अलावा, कमरा नंबर छह में बनी कंप्यूटर लैब से 15 छोटी बैटरी, चार एचपी कंपनी की एलईडी, एक सामान्य प्रिंटर, एक मल्टीपर्पज प्रिंटर और एक अग्निशमन सिलेंडर सहित कई अन्य सामान गायब मिला। जन्म-मृत्यु का रिकॉर्ड भी नहीं छोड़ा स्कूल के साथ ही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के डॉक्टर अनिल ने भी प्रिंसिपल को बताया कि उनके केंद्र से भी चोरी हुई है। पीएचसी से दो बैटरी, एक सीपीयू, एक प्रिंटर, एक रूम हीटर, जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड, लैब रजिस्टर, शुगर व बीपी जांचने के उपकरण, ओपीडी रजिस्टर, वजन नापने की मशीन, डीवीआर, हार्ड डिस्क और वाईफाई सेट सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण और रिकॉर्ड चोरी हो गए। पुलिस ने दोनों संस्थानों से हुई चोरी के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


