भोजपुरी एक्ट्रेस पर करोड़ों की ठगी का आरोप, 200 करोड़ का दिया था लालच, मुंबई में FIR दर्ज

भोजपुरी एक्ट्रेस पर करोड़ों की ठगी का आरोप, 200 करोड़ का दिया था लालच, मुंबई में FIR दर्ज

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी (Akanksha Awasthi) और उनके पति विवेक कुमार उर्फ ​​अभिषेक कुमार सिंह चौहान पर एक बिजनेसमैन से 11.50 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मुंबई की पंतनगर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

300 करोड़ की झूठी कहानी गढ़ी

शिकायतकर्ता हितेश कांतिलाल अजमेरा (52) कस्टम क्लीयरेंस के कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री की बेहद प्रभावशाली हस्तियां बताया था। आकांक्षा ने दावा किया कि अंधेरी में उनका खुद का फिल्म स्टूडियो और ट्रेनिंग सेंटर है।

एफआईआर के अनुसार, ठगी की साजिश तब शुरू हुई जब आकांक्षा के पति विवेक ने एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई। उसने दावा किया कि बिहार के बेतिया इलाके में एक गोदाम में उसके 300 करोड़ रुपये नकद रखे हैं, जो कानूनी अड़चनों के कारण फंसे हुए हैं। उसने हितेश को लालच दिया कि अगर वे इस रकम को छुड़ाने के लिए निवेश करते हैं, तो बदले में उन्हें 200 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा।

भरोसा जीतने के लिए पटना तक ले गए

शिकायतकर्ता का दावा है कि एक्ट्रेस आकांक्षा अवस्थी ने खुद हितेश को भरोसे में लिया, जिसके बाद मार्च और जुलाई 2024 के बीच पीड़ित ने विभिन्न बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। हितेश का विश्वास जीतने के लिए आरोपी उन्हें पटना ले गए और गोदाम से जुड़े फर्जी दस्तावेज भी दिखाए।

मिठाई खरीदने के बहाने फरार

इस कथित धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 5 जुलाई 2024 को आरोपी विवेक पीड़ित को बेतिया ले जा रहा था। रास्ते में मिठाई खरीदने के बहाने विवेक कार से उतरा और फिर वापस नहीं आया। कुछ समय बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया। शुरुआती दिनों में आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर संपर्क में रहे, लेकिन बाद में पूरी तरह गायब हो गए।

पुलिस ने अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *