बिजनौर जनपद के चांदपुर थाना पुलिस ने गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को बड़ी सफलता हासिल करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलों के चेचिस, 3 इंजन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल पुत्र समरपाल निवासी गौयली, नदीम पुत्र मुकीम अहमद निवासी हुसैनपुर शिवाला कलां, नीटू पुत्र करन सिंह निवासी नरनौर, अर्पित कुमार पुत्र गिरिराज निवासी मीरापुर पाहुली, रोबिन कुमार पुत्र महिपाल सिंह निवासी गौयली और सुमित कुमार पुत्र राजपाल सिंह निवासी गौयली (सभी थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 चेचिस, 3 इंजन, 4 शॉकर, एक साइलेंसर और 2 पेट्रोल टंकी बरामद की हैं। जांच में पता चला कि बरामद चेचिस और इंजन विभिन्न थानों में दर्ज बाइक चोरी के मामलों से संबंधित हैं। चांदपुर थाने में दर्ज मुअसं 43/2026 धारा 303(2) आईपीसी से संबंधित चेचिस नंबर MD6344E81M2B13693 और इंजन नंबर AE8BM2813626 बरामद किया गया। वहीं, अमरोहा जनपद के धनौरा थाने में दर्ज मुअसं 37/2026 धारा 303(2) आईपीसी से जुड़े चेचिस नंबर MBLHAW234R4E04003 और इंजन नंबर HA11EBR4E06136 भी बरामद हुए हैं। इसके अलावा अन्य चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों के चेचिस और इंजन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग बेचने की तैयारी में था। इस गिरोह का खुलासा 24 जनवरी 2026 को मोहम्मद अजीम द्वारा अपनी टीवीएस अपाचे आरटीआर 160 मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद हुआ था। बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) और 317(5) आईपीसी की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


