अशोकनगर में फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों द्वारा सड़कों पर स्टंट करने का मामला सामने आया है। स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर पहचान कर एक ट्रैक्टर, एक थार, एक स्कॉर्पियो और एक वेन्यू समेत कुल 5 वाहनों को जब्त कर लिया है। सभी जब्त वाहनों पर 5-5 हजार रुपये का चालान बनाया गया है। इसके अलावा, जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल में फिल्मी गाने बजाने पर स्टाफ को नोटिस जारी किया है। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कुल 7 वाहनों की पहचान की गई थी। पुलिस रात भर इन वाहनों की तलाश में जुटी रही। फिलहाल 5 वाहन जब्त किए जा चुके हैं, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों के हैं। जांच में पाया गया कि इन वाहनों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए चलाया जा रहा था और कुछ मामलों में नाबालिग भी वाहन चलाते मिले। परिजनों को बुलाकर दी समझाइश, 3 वाहन अब भी फरार पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल स्टाफ को थाने बुलाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से बचने की हिदायत दी है। थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि सभी जब्त वाहनों पर 5-5 हजार रुपये का चालान बनाया जा रहा है। शेष 2 वाहनों (एक ट्रैक्टर और कार) का पता लगाने का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी वाहनों का भी पता लगा लिया जाएगा। स्कूल में फिल्मी गाने बजने पर नोटिस जारी इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में फिल्मी गाने बजाने के संबंध में स्कूल स्टाफ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। नियमानुसार दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


