रोहतक जिला प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव हसनगढ़ में दो अवैध निर्माणों और एक चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में की गई। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिले के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माणों और कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हसनगढ़ में यह कार्रवाई की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी गाढ़ी कमाई को अवैध निर्माणों या कॉलोनियों में निवेश न करें, क्योंकि ऐसे निर्माणों पर प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जाएगी। अवैध कालोनियों में मकान न लेने की अपील जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने भी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे अपनी पूंजी को अवैध निर्माणों या भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में लगाने से बचें। उन्होंने सलाह दी कि निवेश करने से पहले स्थानीय सेक्टर-1 स्थित उनके कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर आकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस अभियान के दौरान जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात था।


