दिल्ली हाईकोर्ट से शाहरुख के बेटे आर्यन खान को मिली राहत, अदालत ने खारिज की अपील, जानें मामला

दिल्ली हाईकोर्ट से शाहरुख के बेटे आर्यन खान को मिली राहत, अदालत ने खारिज की अपील, जानें मामला

Delhi High Court Rejects Plea Against Bads of Bollywood: नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को लेकर चल रहा कानूनी विवाद फिलहाल थम गया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने पूर्व एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने सीरीज पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया था। इस फैसले के बाद आर्यन खान के निर्देशन में बनी इस सीरीज के मेकर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म को बड़ी राहत मिली है।

कोर्ट ने क्यों ठुकराई याचिका? (Delhi High Court Rejects Plea Against Bads of Bollywood)

दिल्ली हाईकोर्ट ने साफ कहा कि ये मामला उसके क्षेत्राधिकार (ज्यूरिस्डिक्शन) में नहीं आता। अदालत का मानना था कि जिन पक्षों के बीच ये विवाद है, वो दिल्ली से सीधे तौर पर जुड़े नहीं हैं। इसी आधार पर कोर्ट ने याचिका को सुनवाई के योग्य नहीं माना और वानखेड़े को किसी अन्य सक्षम अदालत में जाने की छूट दी।

समीर वानखेड़े का क्या था आरोप?

समीर वानखेड़े का दावा था कि इस वेब सीरीज में एक किरदार और कुछ सीन उनकी छवि से प्रेरित हैं, जिससे उनकी सामाजिक और पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने ये भी कहा था कि सीरीज में दिखाए गए कुछ सीन और इशारे मानहानिकारक हैं और इन्हें तुरंत हटाया जाना चाहिए।

मेकर्स और नेटफ्लिक्स का पक्ष

सीरीज का निर्माण करने वाली कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स ने अदालत में याचिका का कड़ा विरोध किया। उनका कहना था कि ये शो व्यंग्य और डार्क कॉमेडी के जरिए बॉलीवुड की दुनिया को दिखाता है, न कि किसी वास्तविक व्यक्ति को निशाना बनाता है। साथ ही ये भी तर्क दिया गया कि सिर्फ ऑनलाइन उपलब्धता के आधार पर दिल्ली को सुनवाई का अधिकार नहीं दिया जा सकता।

कोर्ट ने क्या कहा?

अदालत ने मामले के कंटेंट या कथित मानहानि पर कोई टिप्पणी नहीं की। जज ने साफ किया कि याचिका केवल तकनीकी आधार पर लौटाई जा रही है और वानखेड़े चाहें तो किसी दूसरी अदालत में अपनी बात रख सकते हैं। यानी, विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन फिलहाल सीरीज़ की राह में कोई कानूनी अड़चन नहीं है।

किस बारे में है ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड?

ये वेब सीरीज एक ऐसे युवक की कहानी दिखाती है, जो फिल्म इंडस्ट्री में बाहरी होने के बावजूद अपनी जगह बनाने की कोशिश करता है। कहानी में व्यंग्य, ड्रामा और इंडस्ट्री के कड़वे सच को हल्के अंदाज में पेश किया गया है। सीरीज में कई बड़े कलाकारों की मौजूदगी और खास कैमियो भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *