भास्कर न्यूज | लुधियाना हैबोवाल कलां के जोशी नगर स्थित सिद्ध पीठ महाबली संकटमोचन श्री हनुमान मंदिर में 1317वां हवन यज्ञ और भव्य संध्या चौंकी आयोजित की गई। श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर विश्व शांति की मंगल कामना की। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर प्रबंधन ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों का खाका भी साझा किया। मंदिर के प्रधान अमन जैन, चेयरमैन ऋषि जैन और उपप्रधान अनुज मदान ने बताया कि महाशिवरात्रि पर मंदिर में भव्य आयोजन होंगे, जहां पूरे दिन भगवान सदाशिव का जलाभिषेक चलेगा। विशेष आकर्षण आठों पहर होने वाला रुद्राभिषेक होगा। समारोह के दौरान कनाडा से आए भजन गायक दविंदर भारद्वाज ने अपनी सुरीली आवाज से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। उनकी भक्तिमयी प्रस्तुतियों पर पूरा दरबार झूम उठा। मंदिर कमेटी ने दविंदर भारद्वाज और उनकी पत्नी सोनिया भारद्वाज को सम्मानित किया। प्रधान अमन जैन ने कहा कि विदेशी धरती पर रहकर सनातन धर्म का प्रचार करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पं. विष्णु, पं. देवी दयाल, पं. राम और पं. संजय के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इसी कड़ी में कनाडा निवासी कुलविंदर किन्दा के बच्चों के आगमन की खुशी में 231वीं श्री बालाजी चौंकी भी आयोजित की गई। अंत में हनुमान चालीसा के पाठ और बालाजी महाराज का पावन ध्वज फहराने के साथ समारोह संपन्न हुआ। इस मौके पर सौरव जैन, ज्योति गुप्ता, संजय गुप्ता, राहुल हांडा और संदीप पब्बी सहित भारी संख्या में संगत मौजूद रही।


