अहमदाबाद के असारवा रेलवे स्टेशन की यात्री क्षमता 10 गुना बढ़ाने की तैयारी

अहमदाबाद के असारवा रेलवे स्टेशन की यात्री क्षमता 10 गुना बढ़ाने की तैयारी

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का हो रहा है पुनर्विकास कार्य

अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के असारवा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कायाकल्प किया जा रहा है। इस स्टेशन की यात्री क्षमता को बढ़ाकर 10 गुना करने पर कार्य जारी है।
वर्तमान में असारवा रेलवे स्टेशन पर 12 ट्रेनों की दैनिक आवाजाही है, 4 अन्य विशेष ट्रेनों का ठहराव है। प्रतिदिन लगभग 10,600 यात्री यहां से यात्रा करते हैं। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को प्रतिदिन लगभग 1 लाख यात्रियों की सुविधा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
इस प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन का नया भवन, नए प्लेटफॉर्म तथा यात्री सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

स्टेशन भवन, पार्किंग प्लेटफॉर्म शेड तैयार

पुनर्विकास कार्यों के तहत स्टेशन भवन का नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म शेड का निर्माण, प्लेटफॉर्म रिसर्फेसिंग तथा पार्किंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर लगभग 34,000 वर्ग फीट तथा प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर लगभग 50,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में कवर शेड का निर्माण किया जा रहा है।

प्लेटफॉर्म एक को दो-तीन जोड़ने वाला बन रहा है एफओबी

40 फीट चौड़े एवं 82 फीट लंबे फुट ओवर ब्रिज के जरिए प्लेटफार्मों के बीच सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा। सर्कुलेटिंग एरिया को प्लेटफॉर्म संख्या 1 को प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 से जोड़ने के लिए 40 फीट चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है।

आधा एकड़ क्षेत्र में पार्किंग

आधा एकड़ क्षेत्र में पार्किंग विकसित की गई है। इसमें दोपहिया, चारपहिया एवं ऑटो रिक्शा के लिए पृथक एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया गया है। इस योजना के तहत 20 फीट चौड़ा भव्य प्रवेश एवं निकास द्वार, लगभग 6500 वर्गफुट क्षेत्रफल की कैनोपी सहित डेडिकेटेड पिक-अप/ड्रॉप-ऑफ जोन तथा सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया जा रहा है। स्टेशन परिसर में आकर्षक लैंडस्केपिंग एवं विशाल कॉन्कोर्स क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए डीलक्स ए.सी., नॉन-ए.सी. एवं सामान्य प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, आधुनिक टिकटिंग काउंटर, डिजिटल सूचना प्रणाली, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *