प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में युवक की मौत:तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराने पर हादसा, दो गंभीर रूप से घायल

प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में युवक की मौत:तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराने पर हादसा, दो गंभीर रूप से घायल

प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ है। भदौसी गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बुधवार रात करीब 8 बजे हुई। मृतक की पहचान बासुपुर कटैया गांव निवासी शनि सिंह के रूप में हुई है। हादसे के समय बाइक पर शनि सिंह के साथ समर पाल और शिव प्रसाद भी सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि शनि सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। समर पाल और शिव प्रसाद को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। देखिए दो तस्वीरें… पुलिस के अनुसार, तीनों युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी भदौसी गांव के पास यह दुर्घटना हुई। घायल शिव प्रसाद के भाई सौरभ ने बताया कि दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही अंतू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *