16वीं छत्तीसगढ़ पैरा एथलेटिक्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ:इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में होगा आयोजन, 250 से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

16वीं छत्तीसगढ़ पैरा एथलेटिक्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ:इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में होगा आयोजन, 250 से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

छत्तीसगढ़ पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 16वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद पैरा एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, सचिव डीकेश टंडन और उपाध्यक्ष प्रशांत रघुवंशी ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी का स्वागत भी पैरा एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने किया। खिलाड़ियों का मंच तक पहुंचना ही बड़ी उपलब्धि: मीनल चौबे मुख्य अतिथि मीनल चौबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि पैरा एथलेटिक्स के इन खिलाड़ियों का इस मंच तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना बेहद जरूरी है। महापौर ने आयोजन की पहल करने पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा ऐसे सकारात्मक कार्यों में आगे रहते हैं। रायपुर में बेहतर खेल मैदान की जरूरत: आकाश तिवारी नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि पैरा एथलीट्स के लिए रायपुर में एक बेहतर और समर्पित खेल मैदान का निर्माण ही उनके लिए सच्चा योगदान होगा। उन्होंने कहा कि समाज को इन खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर रायपुर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। इसके बाद मुख्य अतिथि ने पैरा एथलेटिक्स का ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। व्हीलचेयर क्रिकेट ने बढ़ाया जोश उद्घाटन के दिन व्हीलचेयर क्रिकेट मुकाबले ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। छत्तीसगढ़ टीम-ए के कप्तान पोषण ध्रुव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को 120 रन तक पहुंचाया। जवाब में छत्तीसगढ़ टीम-बी, कप्तान किशन रावत के नेतृत्व में 114 रन ही बना सकी। इस तरह टीम-ए ने 6 रन से मुकाबला जीत लिया। विजेता टीम को नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया, जबकि उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। पूरे प्रदेश से जुट रहे खिलाड़ी प्रतियोगिता के पहले दिन शाम तक करीब 250 खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका था। कांकेर, अभनपुर, बिलासपुर, मुंगेली, महासमुंद, रायगढ़, बसना, सरायपाली, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, दुर्ग, राजनांदगांव, कवर्धा, कोरबा, पेंड्रा-मरवाही, बलौदाबाजार, कसडोल, धमतरी, गरियाबंद, राजिम, मगरलोड, पलारी, जोरा और पिरदा सहित पूरे छत्तीसगढ़ से खिलाड़ियों का आना लगातार जारी है। सभी खिलाड़ियों का पंजीयन के साथ टी-शर्ट और बैज देकर स्वागत किया गया, जिससे उनका उत्साह साफ नजर आया। खिलाड़ियों के लिए ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। अंत में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *