शामली के थाना भवन रेलवे स्टेशन पर सहारनपुर से दिल्ली जा रही एक ट्रेन में एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट का आरोप लगा है। अज्ञात हमलावरों ने युवक को गंभीर रूप से घायल कर हजारों रुपये लूट लिए। सूचना मिलने पर डायल 100 पुलिस और जीआरपी शामली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित युवक की पहचान सहारनपुर के रामपुर मनिहारान निवासी तालहा पुत्र अयूब के रूप में हुई है। वह सहारनपुर से शामली होते हुए दिल्ली जा रहा था। जब ट्रेन थाना भवन रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तो कुछ युवकों ने उससे “दादर जमीन पर कौन है” पूछते हुए लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान हमलावरों ने पीड़ित से करीब 2400 रुपये लूट लिए। इस दौरान ट्रेन में मौजूद अन्य यात्री तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी पीड़ित को बचाने का प्रयास नहीं किया। घटना के बाद डायल 100 और जीआरपी पुलिस थाना भवन रेलवे स्टेशन पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और उसे आगे की कार्रवाई के लिए शामली जीआरपी थाने ले गई। इस संबंध में जीआरपी इंस्पेक्टर सुजीत नागर ने बताया कि पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लूट की घटना से इनकार करते हुए कहा कि पीड़ित के साथ मारपीट हुई है। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


