पलवल जिले के होडल में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा घर में घुसकर दंपती से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। होडल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। होडल थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, गढिया मोहल्ला होडल निवासी पूजा पत्नी सुनील कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि रात के समय वह अपने घर पर अकेली थीं। तभी मोहल्ले का ही रहने वाला विनोद नामक युवक शराब के नशे में उनके घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। महिला के पति पर रॉड से किया हमला पूजा ने जब इसका विरोध किया, तो शोर सुनकर उनके पति सुनील वहां पहुंच गए। सुनील को देखते ही विनोद ने अपने हाथ में ली हुई लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आईं पूजा के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार झगड़े का शोर सुनकर जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए, तो विनोद उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि विनोद अक्सर शराब पीकर गली में लोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा करता रहता है, जिससे मोहल्ले के लोग परेशान हैं। होडल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


