डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में उदयपुर मार्ग पर वागदरी गांव के पास मंगलवार रात 2 बाइकों में टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां-बेटे सहित 4 लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां उसका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। मौके पर ही हो गई युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, वागदरी निवासी तुलसी डामोर अपने भतीजे मंशीलाल डामोर के साथ अपने बेटे को डॉक्टर को दिखाने के लिए देवल की ओर जा रही थीं। उनकी बाइक वागदरी के निकट डूंगरपुर की ओर से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई।
टक्कर में दूसरी बाइक पर सवार जयंती नामक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जयंती का साथी प्रवीण भी घायल हुआ है। दूसरी बाइक पर सवार तुलसी, उनका बेटा और भतीजा मंशीलाल भी चोटिल हुए हैं।
सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के ईएमटी जितेंद्र सिंह और पायलट नरेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस भी घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया।


