देश भर में UGC को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। सवर्ण समाज इसको लेकर सरकार से आर पार के मूड में है। इस बीच सुल्तानपुर से एक वीडियो सामने आया है, जहां ब्राह्मण पिता पुत्र पर एक एससी चालक को जाति पूछकर पिटाई का मामला सामने आया है। यह घटना गोलाघाट स्थित जिलाधिकारी आवास के पीछे हुई। नवीपुर निवासी पीड़ित नीरज ने नगर कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दी है। नीरज के अनुसार, ई-रिक्शा मोड़ते समय गलती से मकान के कोने से छू गया था। इसके बाद मकान मालिक और उसके बेटे प्रमोद ने नीरज को पीटना शुरू कर दिया। नीरज ने आरोप लगाया है कि पिटाई के दौरान उन्होंने उससे उसकी जाति पूछी और “चमार” कहकर जातिसूचक गालियां दीं। आरोपियों ने नीरज का मोबाइल भी छीन लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। नीरज ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। उसने बताया कि इस घटना का पूरा वीडियो उसके पास है। नीरज ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद शहर के कुछ लोगों ने पीड़ित के पक्ष में आवाज उठाई है। अब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।


