श्रीकांत त्यागी ने यूजीसी कानून पर सरकार को घेरा:बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- ये नियम मुद्दों से भटकाने के लिए लाया गया

श्रीकांत त्यागी ने यूजीसी कानून पर सरकार को घेरा:बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- ये नियम मुद्दों से भटकाने के लिए लाया गया

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी बागपत पहुंचे। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला और यूजीसी कानून को लेकर निशाना साधा। त्यागी ने आरोप लगाया कि यूजीसी कानून को लागू करके सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा दिया जा रहा है। श्रीकांत त्यागी ने कहा कि यूजीसी में एक ‘कलेक्टिव कमेटी’ बनाई गई है। उनके अनुसार, यह नियम असल मुद्दों से ध्यान भटकाने और किसी भी व्यक्ति को सरकार से सीधा सवाल पूछने से रोकने के लिए लागू किया गया है। त्यागी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर ‘झोल, जुर्म, अत्याचार, धार्मिक अनुवाद और जातीय भेदभाव’ को षड्यंत्र के तहत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी ‘हिंदू’ शब्द का इस्तेमाल कर ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने की बात करती है, लेकिन वास्तव में वे देश के आंतरिक विभाजन की तैयारी कर रहे हैं। त्यागी ने आरोप लगाया कि आरएसएस अंग्रेजों की सिखाई गई पद्धति पर चलती है, जिससे देश में विभाजन हो रहा है। त्यागी ने दावा किया कि यूजीसी का नियम लाकर बीजेपी ने सवर्ण समाज को खो दिया है। उन्होंने कहा कि इससे उन लोगों के ‘चश्मे उतर गए’ हैं जो हिंदुत्व का चश्मा लगाए हुए थे, और अब सब लोग जागरूक हो गए हैं। अलंकार अग्निहोत्री को ‘पागल पंडित’ कहने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए त्यागी ने कहा कि जब-जब पंडित ‘पागल’ होता है, तब-तब क्रांति आती है। त्यागी ने घोषणा की कि 2027 का चुनाव पूरी तैयारी के साथ लड़ा जाएगा और बीजेपी का प्रदेश से ‘सुपड़ा साफ’ होगा। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को मानने वाले और उनका सम्मान करने वाले लोगों को बीजेपी को वोट देने से बचना चाहिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *