कांग्रेस का व्यवहार अफसोसनाक, गवर्नर का अपमान बर्दाश्त नहीं: जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस और राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला। हुब्बल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि गवर्नर के भाषण की सामग्री और उनके साथ कांग्रेस नेताओं का व्यवहार बेहद अफसोसनाक है। जोशी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक गवर्नर के साथ ऐसा बर्ताव बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राहुल गांधी को खुश करने के लिए गवर्नर के भाषण को बचकाना खेल् का मंच बना रही है। साथ ही दावा किया कि गवर्नर पर केंद्र सरकार के खिलाफ भाषा लिखवाने और उसे पढऩे का दबाव डाला गया।

कांग्रेस पर आरोप
जोशी ने कहा कि सिद्धरामय्या और उनका गुट राहुल गांधी को खुश करने के लिए इस हद तक गिर गया है, जो निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि गवर्नर के साथ गुंडों जैसा व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इतिहास का हवाला देते हुए जोशी बोले कि कांग्रेस ने गवर्नर के जरिए 93 बार बहुमत वाली सरकारों को बर्खास्त किया है, अब वही पार्टी गवर्नर की भूमिका पर सवाल उठा रही है।

दावोस ट्रिप पर तंज
दावोस यात्रा के मुद्दे पर जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य की राजनीति के कारण दावोस नहीं गए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि डी. के. शिवकुमार भी दिमागी उलझन के चलते दावोस गए थे। जोशी के मुताबिक, डीके शिवकुमार सोनिया और प्रियंका गांधी को खुश करने में लगे हैं, जबकि सिद्धरामय्या राहुल गांधी की छाया में राजनीति कर रहे हैं।

खरगेे परिवार पर सवाल
खरगे परिवार के मुद्दे पर जोशी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे दशकों तक सत्ता में रहे और अब उनके बेटे मंत्री हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद विकास क्यों नहीं हुआ, कम से कम अब तो विकास दिखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *