कन्नौज में मंगलवार दोपहर से मौसम का रुख बदल गया। यहां आसमान में काले बादल छाए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने ओलावृष्टि की सम्भवना जताते हुए एडवाइजरी जारी की है। पश्चिमी हवाओं के साथ ही कन्नौज में आम दिनों की अपेक्षा मंगलवार को अधिक सर्दी महसूस हुई। यहां पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन मंगलवार की शाम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। पहले 2 तस्वीरें देखिए… दोपहर तक धूप निकली, लेकिन उसके बाद मौसम का रुख बदल गया। शाम 5 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आने लगीं। मौसम को लेकर जिला प्रशासन ने येलो अलर्ट जारी किया। बदलते मौसम को देखते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह ने एडवाइजरी जारी की। जिसमें लोगों से अपील की गई कि अगले कुछ घण्टों में वज्रपात, मेघ गर्जना और तेज गति से हवाएं चल सकतीं हैं। ऐसे में घरों में रहें। खिड़की दरवाजे बंद रखें। हो सके तो यात्रा करने से बचें। बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। बारिश होने पर सुरक्षित जगह पर आश्रय लें। पेड़ के नीचे बिल्कुल न खड़ें हों। जल स्रोतों से बाहर निकलें। कंक्रीट की दीवार और फर्श से दूर रहें। बताया गया कि बारिश होने से अरहर, सरसों, मटर, चना, आलू, गेंहू, केला, पपीता, गन्ना और हरी सब्जियों वाली फसलों को नुकसान हो सकता है। सावधानी बरत कर किसान फसलों को नष्ट होने से बचा सकते हैं।


