पलवल जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी न मिलने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे तांत्रिक क्रिया से पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। होडल थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाटर सप्लाई में नौकरी का दावा होडल थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आदर्श कॉलोनी होडल निवासी राम किशन ने अपनी शिकायत में कहा है कि मई 2024 में उसकी मुलाकात जिला हाथरस (यूपी) के बासका नंगला गांव निवासी बच्चू सिंह और उसके बेटे विशाल से हुई थी। आरोपियों ने दावा किया कि वे उत्तर प्रदेश के मथुरा में पशुपालन और वाटर सप्लाई विभाग में सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। राम किशन ने अपने घर के चार बच्चों की नौकरी लगवाने के लिए उन पर भरोसा कर लिया। एक महीने में जॉनिंग लेटर दिलाने का झांसा पीड़ित राम किशन ने आरोपियों के झांसे में आकर 7 लाख 73 हजार रुपए ऑनलाइन उनके खातों में ट्रांसफर किए। इसके अतिरिक्त, 22 लाख 27 हजार रुपए नकद हरिओम और सुरेंद्र की मौजूदगी में दिए गए। कुल मिलाकर, राम किशन ने आरोपियों को 30 लाख रुपए दिए। आरोपियों ने एक महीने के भीतर जॉनिंग लेटर दिलाने का वादा किया था। आरोपियों ने राशि से अपना नया घर बनाया निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। लगभग 10 दिन पहले, पीड़ित उनके हाथरस स्थित घर पहुंचा, जहां आरोपियों ने साफ कह दिया कि उन्होंने कोई नौकरी नहीं लगवाई है। उन्होंने बताया कि 30 लाख रुपए से उन्होंने अपना नया घर बना लिया है और लोगों से खरीदी जमीन का कर्ज चुका दिया है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने धमकी दी कि वे एक रुपया भी वापस नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि अगर पैसे वापस मांगे या पुलिस में शिकायत की, तो मैं एक तांत्रिक हूं और तांत्रिक क्रिया कर तेरी व तेरे परिवार की जिंदगी खत्म कर दूंगा। घटना के बाद पीड़ित राम किशन ने होडल थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इससे पहले भी वे ई लोगों के साथ ऐसा कर चूके है, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं कि उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकें। होडल थाना पुलिस ने पीडित की शिकायत पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।


