Kane Richardson Retirement: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन ने अचानक 34 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। रिचर्डसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 25 वनडे और 36 T20I मैच खेले। वह 2021 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। आईपीएल और बीबीएल जैसे टूर्नामेंट में अलग-अलग फ्रैंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने वाले रिचर्डसन ने फैंस के लिए पोस्ट में लिखा कि 2009 में डेब्यू करने से लेकर अब तक मुझे लगता है कि मैंने खुद को पूरी तरह से निचोड़ लिया है और यह मेरी जिंदगी के इतने मजेदार हिस्से को खत्म करने का सही समय है।
2013 में श्रीलंका के खिलाफ किया वनडे इंटरनेशनल डेब्यू
बता दें कि घरेलू स्तर पर नॉर्दर्न टेरिटरी और साउथ ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करते हुए रिचर्डसन ने 2008-09 सीजन में लिस्ट-ए में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 2013 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया। रिचर्डसन एक ग्लोबल खिलाड़ी भी रहे। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) समेत अलग-अलग टूर्नामेंट में फ्रेंचाइजी टीमों का प्रतिनिधित्व किया।
‘मैंने खुद को पूरी तरह से निचोड़ लिया’
रिचर्डसन ने प्रोफेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद कहा कि 2009 में डेब्यू करने से लेकर अब तक मुझे लगता है कि मैंने खुद को पूरी तरह से निचोड़ लिया है और यह मेरी जिंदगी के इतने मज़ेदार हिस्से को खत्म करने का सही समय है। मुझे अपने देश के साथ-साथ दुनिया भर में और ऑस्ट्रेलिया में कई फ्रेंचाइजी टीमों का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है। मैंने इस मौके को कभी हल्के में नहीं लिया और मुझे उम्मीद है कि देखने वाले लोग जानते थे कि मैंने डार्विन में बचपन से ही क्रिकेटर बनने का सपना देखा था।
बीबीएल में पांचवें सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
रिचर्डसन का बिग बैश लीग (BBL) करियर शानदार रहा और वह उन कुछ खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने हर सीजन में खेला है। उन्होंने एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ छह सीजन खेले और फिर 2017-18 में मेलबर्न रेनेगेड्स में चले गए। जहां उनके लिए आठ सीज़न खेले और 2025-26 सीज़न से पहले सिडनी सिक्सर्स के साथ एक साल का करार किया। वह 142 विकेट लेकर इस टूर्नामेंट में पांचवें सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के तौर पर अपना करियर खत्म करते हैं।


