अमरोहा जिले में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे ठंड बढ़ गई। इस मौसमी बदलाव से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिले के ज्यादातर इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि जोया ब्लॉक क्षेत्र के पतेई खालसा और फतेहपुर मजरा सहित आसपास के कई गांवों में ओले गिरे। ओलावृष्टि का एक वीडियो भी सामने आया है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… इस अचानक हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों के अनुसार, गन्ना, धान और अन्य फसलों को भारी क्षति हुई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे आमजन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बूंदाबांदी के चलते पारा दो डिग्री सेल्सियस गिर गया। आज अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए अलर्ट जारी किया है।


