बुलंदशहर में खानपुर थानाध्यक्ष संदीप मलिक को उनके पद से हटा दिया गया है। उन पर हत्या के प्रयास के एक आरोपी को थर्ड डिग्री देने का आरोप है। यह कार्रवाई बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने की है। ग्रामीणों ने बीते दिन थाने के गेट पर थाना प्रभारी के खिलाफ एक तहरीर चिपका दी थी। इस तहरीर में थर्ड डिग्री के गंभीर आरोप लगाए गए थे। एसएसपी ने संदीप मलिक को खानपुर से हटाकर अरनिया का थानाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, अरनिया के थानाध्यक्ष रितेश को खानपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। युवक के परिजनों ने खानपुर थाना प्रभारी संदीप मलिक पर थर्ड डिग्री दिए जाने का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर थाना प्रभारी के खिलाफ शिकायती पत्र भी दिया। शिकायत पत्र नहीं लिए जाने पर ग्रामीणों ने यह तहरीर थाने के मुख्य द्वार पर चस्पा कर दी थी। पुलिस युवक के परिजनों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बता रही है। उधर, परिजनों का कहना है कि युवक की हालत अभी भी नाजुक है और उसका उपचार चल रहा है।


