राजगढ़ जिले में मंगलवार की सुबह मौसम के बदले मिजाज के साथ हुई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद खिलचीपुर सहित आसपास के इलाकों में मावठे की बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी हल्की होती रही। आसमान में घने बादलों की चादर तनी रही, जिससे सूरज पूरे समय नजर नहीं आया और वातावरण में ठंडक घुल गई। बारिश और बादलों की मौजूदगी ने तापमान को भी प्रभावित किया। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे एक दिन पहले यह 6.6 डिग्री सेल्सियस था। नमी बढ़ने और ठंडी हवा चलने से सुबह से ही लोगों को ठिठुरन का एहसास होता रहा। बूंदाबांदी और सर्दी में नहीं निकले लोग मौसम विभाग के अनुसार जिले में आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और बढ़ती ठंड के चलते लोग घरों से निकलते समय गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। सुबह 11 बजे तक बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल कम रही, वहीं खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसान मौसम के मिजाज पर नजर बनाए हुए हैं।


