ग्वालियर सहित प्रदेशभर में बीते 48 घंटों के दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखा गया है। ठंडी हवाओं के असर से दिन का तापमान करीब 6 डिग्री तक गिर गया है। तीन दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था, वह सोमवार को घटकर 21.3 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम में यह बदलाव घाटी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर बताया जा रहा है। तापमान गिरने से लोगों को दिन के समय भी ठंड का एहसास होने लगा है। दिन में आंशिक बादलों के बीच धूप जरूर निकली, लेकिन उसमें बीते दिनों जैसी तीव्रता नहीं रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटों में ग्वालियर में हल्की बूंदाबांदी या रिमझिम बारिश की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है। दिन-रात के तापमान में घटा अंतर, बढ़ी ठंड पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार सुबह ग्वालियर में न्यूनतम तापमान यानी रात का पारा 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 बजे तापमान 12.6 डिग्री रहा, जबकि सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह दिन और रात के तापमान में महज 10 डिग्री का अंतर रह गया है। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में धूप जरूर निकल रही है, लेकिन दोपहर तक बादल और गहरे हो गए। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना है। क्यों चल रही है ठंडी हवाएं बसंत पंचमी के बाद जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में महसूस किया जा रहा है। ग्वालियर-चंबल अंचल में ठंडी हवाओं ने एक बार फिर कंपकंपाने वाली ठंड लौटा दी है। बादलों की वजह से धूप की तीव्रता भी कम हो गई है। हालात ऐसे हैं कि लोग फिर से अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। कोहरे से ट्रेनों की रफ्तार थमी कोहरे के कारण दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। दिल्ली से ग्वालियर आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस करीब 25 मिनट की देरी से पहुंची। इसके अलावा पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनें भी देरी का शिकार हुई हैं। आगे क्या… रात का तापमान और गिरेगा स्थानीय मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल अंचल में छाए बादल हल्की बूंदाबांदी में बदल सकते हैं। अगले दो दिन तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।


