उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज यानी 27 जनवरी और कल 28 जनवरी को प्रदेश के 18 जिलों में कराया जा रहा है। इस चरण में कानपुर नगर, लखनऊ और मेरठ जैसे प्रमुख जिलों के अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। बार काउंसिल चुनाव में कुल 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। अब तक हुए पहले और दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो चुका है। तीसरे चरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। आज सुबह 10 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें बड़ी संख्या में वकील वोट डाल रहे हैं। इसके बाद 30 और 31 जनवरी को चौथे और अंतिम चरण का मतदान कराया जाएगा। अंतिम चरण में प्रयागराज, वाराणसी समेत अन्य जिलों के अधिवक्ता मतदान करेंगे। मतदान केंद्रों पर सख्त नियम
निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति अरविंद कुमार त्रिपाठी और पर्यवेक्षक न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के पोस्टर, बैनर या प्रचार सामग्री लगाने पर रोक लगाई गई है। साथ ही, मतदाताओं को मोबाइल फोन, कैमरा या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मतदान केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पहचान पत्र जरूरी, गलती पर वोट होगा रद्द
मतदान के दौरान अधिवक्ताओं को अपना पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। केवल वही मतदाता वोट डाल सकेंगे, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। मतपत्र भरते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार के अतिरिक्त शब्द, अक्षर या निशान डालने पर वोट को अवैध घोषित किया जाएगा। हाईपावर कमेटी की निगरानी में चुनाव
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव की पूरी प्रक्रिया प्रदेश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रविरंजन, न्यायमूर्ति एस.आर. मसूरी और न्यायमूर्ति रेखा पल्ली की हाईपावर कमेटी की निगरानी में कराई जा रही है। पूरे प्रदेश में कुल 2,49,808 मतदाता हैं। यह चुनाव चार चरणों में 16 जनवरी से 31 जनवरी तक संपन्न कराया जा रहा है।


