अंबाला के थाना पड़ाव क्षेत्र के अंतर्गत सुंदर नगर इलाके में रिश्तों को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पर अपनी ही डेढ़ माह की मासूम बच्ची को जबरन अगवा कर ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। मां की शिकायत पर पुलिस ने नए कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मायके में आकर किया हमला सुंदर नगर निवासी महिला मुस्कान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2023 में रामबाग रोड निवासी मोहम्मद कैफ के साथ हुई थी। मुस्कान का आरोप है कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। प्रताड़ना से तंग आकर वह अपनी डेढ़ माह की बेटी के साथ अपने मायके आई हुई थी। एम्बुलेंस में बच्ची को लेकर हुआ फरार मुस्कान ने बताया कि घटना शाम करीब 7:30 बजे की है। उसका पति मोहम्मद कैफ अचानक उसके मायके पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वह जबरन डेढ़ माह की बच्ची को छीनकर भाग निकला। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी पिता एक एम्बुलेंस में बच्ची को लेकर फरार हुआ है। देर रात तक चला सर्च अभियान वारदात के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना पड़ाव से एसआई प्रकाश चंद और हेड कॉन्स्टेबल तरसेम सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देर रात तक इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया और नाकाबंदी की, लेकिन फिलहाल बच्ची और आरोपी पिता का कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना पड़ाव में आरोपी मोहम्मद कैफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) (बच्चे का अपहरण या अपहरण से संबंधित प्रावधान) के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि… बच्ची की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। बच्ची की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।


