गोरखपुर शहर में लगातार ओवरब्रिज और फ्लाईओवर बन रहे हैं, जिससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को दो बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वे खजांची फ्लाईओवर और नकहा रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे।
अब तक इन जगहों पर सुबह-शाम भारी जाम लगा रहता था। गाड़ियां रेंगती नजर आती थीं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। लेकिन पुल बन जाने से अब हजारों-लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और सफर आसान हो जाएगा। अब देखिए 2 तस्वीरें नकहा रेलवे ओवरब्रिज से जाम से राहत
नकहा रेलवे क्रॉसिंग पर पहले ट्रेन आने-जाने के समय घंटों जाम लगता था। अब यहां रेल ओवरब्रिज बन जाने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल पुल का एक लेन तैयार हुआ है, जबकि दूसरे लेन का काम तेजी से चल रहा है। अभी एक ही लेन से दोनों तरफ की गाड़ियां आ-जा रही हैं। नकहा रेलवे ब्रिज पर वाहनों के लिए 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड लिमिट तय की गई है। यह ओवरब्रिज बरगदवा चौराहे से जेल रोड पर नकहा जंगल और मानीराम स्टेशन के बीच समपार संख्या 5ए पर बना है। इसकी लंबाई 1092 मीटर है और इसे बनाने में 152.19 करोड़ रुपये की लागत आई है। इससे रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम खत्म होगा और शहर के उत्तरी हिस्से में यातायात और बेहतर हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज होते हुए महाराजगंज जाने वालों को भी अब आसानी होगी।
खजांची फ्लाईओवर से बेहतर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री बरगदवा से ही खजांची चौराहे पर बने फ्लाईओवर का भी उद्घाटन करेंगे। इस फ्लाईओवर की लंबाई 605 मीटर है और इसे 96.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह फ्लाईओवर जेल बाईपास को स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से सीधे जोड़ता है। इससे कौवाबाग, खजांची चौराहा होते हुए फर्टिलाइजर कारखाना और सोनौली रोड जाना अब काफी आसान हो जाएगा। खजांची फ्लाईओवर पर वाहनों की स्पीड लिमिट 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।
लगातार मिल रही हैं नई सौगातें
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 दिसंबर को गोरखनाथ रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण भी किया था। इसके अलावा आने वाले दो महीनों में गोरखपुर को और बड़ी राहत मिलने वाली है।


