यमुनानगर को मिलेगा सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र:ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम का निर्माण तेज, 1000 लोगों के बैठने की सुविधा

यमुनानगर को मिलेगा सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र:ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम का निर्माण तेज, 1000 लोगों के बैठने की सुविधा

यमुनानगर में 52.87 करोड़ रुपए की लागत से सेक्टर-17 के पास गुरु नानक पुरा कॉलोनी में ओपन एयर थिएटर और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना शहरवासियों को 2027 की शुरुआत तक समर्पित किए जाने की संभावना है। परियोजना के पूरा होने के बाद यमुनानगर सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक आयोजनों के लिए एक नई पहचान स्थापित करेगा। फिलहाल 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। 2027 की शुरुआत में यहां कार्यक्रम होने शुरू हो जाएंगे। खुले और इंडोर कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधा ओपन एयर थिएटर में खुले आसमान के नीचे मंच और उसके सामने लगभग 500 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। मंच के साथ कलाकारों के लिए मेकअप रूम, ग्रीन रूम और अन्य आवश्यक कमरे भी बनाए जा रहे हैं, ताकि कलाकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके ठीक पीछे एक आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है, जहां इंडोर कार्यक्रमों के लिए 1000 लोगों की सिटिंग क्षमता होगी। ऑडिटोरियम में वीआईपी रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और अन्य सहायक कक्ष शामिल होंगे। सभी हॉल और कमरे पूरी तरह वातानुकूलित होंगे, जिससे सालभर किसी भी मौसम में कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। शहरवासियों को होगा सीधा लाभ फिलहाल यमुनानगर में बड़े कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त पार्किंग और सिटिंग क्षमता वाले सरकारी स्थल नहीं हैं। इस कारण आयोजकों को अनाज मंडियों, निजी पैलेसों या होटलों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे खर्च काफी बढ़ जाता है। ओपन एयर थिएटर और ऑडिटोरियम के बन जाने से कम खर्च में बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। पार्किंग, सुरक्षा और हरियाली का विशेष ध्यान इस प्रोजेक्ट में दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और पीछे की ओर पार्किंग व्यवस्था की जा रही है, जहां एक साथ 200 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इसके अलावा पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। ग्रीनरी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह स्थल पर्यावरण के अनुकूल और आकर्षक बने। ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम का निर्माण सेक्टर-17 के नजदीक गुरु नानक पुरा कॉलोनी, वार्ड नंबर-06, जगाधरी में लगभग 5 एकड़ भूमि पर किया जा रहा है। परियोजना का निर्माण कार्य स्वीकृत नक्शे के अनुसार प्रगति पर है। कलाकारों को मिलेगा बेहतर मंच नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 13 अगस्त 2024 को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया था। यह परियोजना न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी, बल्कि शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी एक नया आयाम देगी। यह प्रोजेक्ट यमुनानगर के सांस्कृतिक भविष्य को नई दिशा देगा। इसके पूरा होने से न केवल कलाकारों और आयोजकों को बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि शहर की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई उड़ान मिलेगी। फिलहाल 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। 2027 की शुरुआत में यहां कार्यक्रम होने शुरू हो जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *