किन्नरों के दो गुटों में मारपीट, VIDEO:रामपुर में बधाई लेने को लेकर हुआ झगड़ा, पांच के खिलाफ केस दर्ज

किन्नरों के दो गुटों में मारपीट, VIDEO:रामपुर में बधाई लेने को लेकर हुआ झगड़ा, पांच के खिलाफ केस दर्ज

रामपुर में किन्नरों के दो गुटों के बीच सोमवार शाम जमकर मारपीट हुई। यह घटना पुरानी रंजिश और बधाई मांगने के विवाद को लेकर हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित किन्नर की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना रामपुर शहर के हाथीखाना मोहल्ले में सोमवार शाम करीब चार बजे हुई। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हाथों से हमला करते दिख रहे हैं। इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए सनसनी फैल गई। मारपीट में घायल किन्नर सानिया उर्फ सेजी ने खुद को पीड़ित बताते हुए नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। सानिया की तहरीर पर पुलिस ने सुहेल, महक, सनम, ताबिश और आसिफ सहित अन्य के खिलाफ मारपीट व शांति भंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने देर रात करीब दस बजे कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। कोतवाली प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि पीड़ित ने घटना का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद बधाई मांगने को लेकर हुआ था। दोनों गुटों के बीच पहले भी इसी तरह के विवाद और मारपीट की घटनाएं थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हो चुकी हैं। घटना के बाद हाथीखाना मोहल्ले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज, गवाहों के बयान और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *