पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने दवा लेकर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम चक कटैया निवासी सलमान (20), पुत्र अनवार अहमद, अपने दोस्त अरमान (18), पुत्र नन्हे खान के साथ मोटरसाइकिल से दवा लेने गया था। दोनों युवक दवा लेकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी कन्जानाथ पट्टी के पास सामने से आ रही ब्रेजा कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जहानाबाद ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सलमान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अरमान की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक सलमान के घर में मातम छा गया। मृतक के पिता अनवार अहमद ने बताया कि उनका बेटा दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए पीलीभीत भेज दिया है। आगे की जांच जारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहानाबाद के डॉ. सौरभ गंगवार ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा- हादसे में घायल दो युवकों को एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल लाया गया था। सलमान नामक युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। दूसरे घायल अरमान को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। थाना अध्यक्ष प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।


