77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न शासकीय विभागों के जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में वन विभाग की ‘इको-टूरिज्म’ थीम पर प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। वन विभाग की झांकी में जिले की समृद्ध जैव विविधता, वन संरक्षण, इको-टूरिज्म और स्थानीय जनजातीय समुदायों की सहभागिता को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया था। झांकी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए भी स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर सृजित किए जा सकते हैं और सतत विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है।विजेता झांकी का निर्माण मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) आलोक तिवारी के निर्देशानुसार तथा वन मंडलाधिकारी दंतेवाड़ा रंगानाधा राधाकृष्णा वाय के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान एसडीओ दंतेवाड़ा द्रोपदी ठाकुर, एसडीओ गीदम वी.एन. नाग, संबंधित रेंजरों एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। बेहतर थीम चयन, प्रस्तुति और विभागीय समन्वय के चलते झांकी को प्रथम स्थान मिला। झांकी प्रतियोगिता में स्कूल शिक्षा विभाग की झांकी को द्वितीय स्थान, जबकि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। सभी विभागों द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया।


