मंदसौर जिले के गरोठ थाने में पदस्थ आरक्षक रणजीत सिंह का सड़क हादसे में निधन हो गया। इस दुखद खबर के सामने आते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, आरक्षक रणजीत सिंह रविवार को दोपहर करीब 4 बजे अपने परिवार के साथ खाटूश्याम जी एवं नाथद्वारा दर्शन कर मंदसौर लौट रहे थे। इसी दौरान उदयपुर-चित्तौड़ 6 लेन हाईवे पर मंगलवाड़ चौराहा के पास पुलिस चौकी भटेवर, थाना खेरोदा (जिला उदयपुर, राजस्थान) के समीप उनका वाहन एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार एक कंटेनर चालक ने ओवरटेक करने के लिए उनकी कार के आगे अचानक आकर ब्रेक लगा दिए, जिससे कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। उदयपुर से अहमदाबाद किया गया था रेफर
हादसे के समय वाहन रणजीत सिंह के बहनोई चला रहे थे, जबकि आरक्षक रणजीत ड्राइवर की बगल वाली सीट पर आराम कर रहे थे। कार में उनकी पत्नी, बच्चे, बहन और बहनोई भी मौजूद थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रणजीत सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अमेरिकन हॉस्पिटल, उदयपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर अहमदाबाद रेफर किया गया। अहमदाबाद अस्पताल में इलाज के दौरान निधन
अहमदाबाद के अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को आरक्षक रणजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। फिलहाल आरक्षक का पार्थिव शरीर अहमदाबाद में है। देर रात उनका पार्थिव शरीर रतलाम जिले के जावरा के पास स्थित उनके पैतृक गांव लाया जाएगा और मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार होगा। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार रणजीत सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ, मिलनसार और अनुशासित पुलिसकर्मी थे। उनके असमय निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है।


