लखनऊ के बीकेटी सर्किल में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते एक महीने के दौरान क्षेत्र में कई चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। ताजा मामला शनिवार रात का है, जब बीकेटी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मजरा मानपुर लाला गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित लवकुश ने बताया कि घटना के समय उनका पूरा परिवार घर में सो रहा था। लवकुश के अनुसार, रात में उनकी मां को खटखटाहट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद परिवार के सभी सदस्य जाग गए। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि कीमती सामान और नकदी चोरी हो चुकी थी। चोरों ने घर से चांदी की 9 जोड़ी बिछुवा, सोने के नाक के बूंदे, चांदी की 3 जोड़ी पायल, कान के झाले, मंगलसूत्र, चांदी के पात्र, चांदी की कमर पेटी, चांदी की 2 अंगूठी, 8 लच्छा और लगभग 70 हजार रुपए नकद चुरा लिए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पीड़ित लवकुश ने बीकेटी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


