गणतंत्र दिवस समारोह में भाजपा नेताओं ने छोड़ा मंच:बैठने का इंतजाम और कार्ड में नाम न होने से भड़के, सांसद कुलस्ते से की शिकायत

मंडला जिले के निवास नगर में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रशासन की लापरवाही से नाराज होकर बीजेपी नेता और जनप्रतिनिधि बीच कार्यक्रम में ही मंच छोड़कर नीचे उतर आए। इस पूरे हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर पोस्ट हो रहा है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में बैठने के इंतजाम और प्रोटोकॉल का सही से पालन नहीं किया गया था। इससे बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष और निवास मंडल अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता भड़क गए। अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इन नेताओं ने सामूहिक रूप से मंच का बहिष्कार कर दिया और नीचे आकर खड़े हो गए। कार्ड में नाम न होने से बढ़ी नाराजगी निवास बीजेपी मंडल अध्यक्ष आकाश पांडे ने बताया कि नाराजगी की बड़ी वजह अपमान था। जनपद पंचायत अध्यक्ष मंजू रानी कुलस्ते कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थीं, लेकिन आमंत्रण पत्र (कार्ड) में उनका नाम ही नहीं था। जब आपत्ति जताई गई, तब कहीं जाकर रात में दोबारा कार्ड छपवाकर बांटे गए। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान भी अतिथियों के बैठने की सही व्यवस्था नहीं थी। एसडीएम को हटाने की मांग सत्तारूढ़ दल के नेताओं को नाराज देख प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। काफी मान-मनौव्वल और सुधार के भरोसे के बाद नेता दोबारा कार्यक्रम में शामिल हुए। हालांकि, यह मामला अब बड़ा रूप ले चुका है। बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते से मिलकर पूरी शिकायत की है। उन्होंने निवास एसडीएम सीएल वर्मा को तुरंत पद से हटाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *