डीजीपी ने फहराया तिरंगा, शहीदों को भी किया याद:डीजी कमंडेशन डिस्क पाने वाले पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित

डीजीपी ने फहराया तिरंगा, शहीदों को भी किया याद:डीजी कमंडेशन डिस्क पाने वाले पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित

गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने आज तिलक मार्ग स्थित अपने आवास व गोमतीनगर विस्तार स्थित पुलिस मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई और प्रदेश भर के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्य को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह में डीजीपी ने अमर शहीदों और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और बलिदान से ही हमारा गणराज्य अस्तित्व में आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के उन वीर जवानों का भी याद किया जिन्होंने वर्दी को जीवन से ऊपर रखकर जनता की सुरक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर किया। डीजीपी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा अपनाई जा रही प्रोफेशनल पुलिसिंग, तत्परता और अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन अब केवल नीति नहीं, बल्कि पुलिस की दैनिक कार्य-संस्कृति बन चुका है। उन्होंने जोर दिया कि रूल ऑफ लॉ की आत्मा यही है कि हर नागरिक को समान सुरक्षा, समान सुनवाई और निष्पक्ष कार्रवाई मिले। पुलिसिंग संविधान के मूल्यों, कानून का शासन, निष्पक्षता, पारदर्शिता और नागरिक सम्मान पर आधारित होनी चाहिए। डीजीपी ने नागरिक केंद्रित सेवा पर विशेष बल देते हुए थानों पर व्यवहार, शिकायत सुनवाई, प्रक्रिया की स्पष्टता और समयबद्ध निस्तारण को नागरिकों के भरोसे का आधार बताया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति को मजबूत करने, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक विवेचना और फॉरेंसिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 फॉरेंसिक लैब स्थापित हो चुकी हैं और उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान (UPSIFS) के माध्यम से प्रशिक्षण एवं विशेषज्ञता को बढ़ावा मिल रहा है। साइबर सुरक्षा को डिजिटल स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण आयाम बताते हुए डीजीपी ने जागरूकता, रोकथाम और त्वरित प्रतिक्रिया पर फोकस करने की बात कही। साथ ही पुलिस वेलफेयर, मनोबल संवर्धन और प्रशिक्षण पर ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने 60,000 नव-भर्ती कांस्टेबलों के लिए हाइब्रिड मोड में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उल्लेख किया, जिसमें संवैधानिक आचरण, नागरिक-मित्र व्यवहार और ड्यूटी एथिक्स शामिल हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस के 18 कार्मिकों को वीरता पदक, 04 को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक और 68 को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। इसके अलावा 47 को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, 198 को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह और 470 को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह मिला। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 10 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और 25 को प्रशस्ति-पत्र दिए गए। डीजीपी ने मुख्यालय में तैनात कई कर्मियों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *