नीमच में गणतंत्र दिवस के मौके पर मांस और अंडे की बिक्री पर रोक लगाई गई थी, लेकिन कुछ दुकानदारों ने इस सरकारी आदेश को अनसुना कर दिया। सोमवार को नगर पालिका की टीम ने मैदान में उतरकर ऐसे दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की और बीच सड़क पर बिक रही बिरयानी को फिंकवा दिया। प्रशासन को खबर मिली थी कि शहर के मूलचंद मार्ग और विजय टॉकीज चौराहे जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रतिबंध के बाद भी मांस और अंडे बेचे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर पालिका के कर्मचारी हेमंत कलोसिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मूलचंद मार्ग पर एक ठेला संचालक सरेआम बिरयानी बेच रहा था। सड़क पर खाली कराए बिरयानी के बर्तन नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए बिरयानी के बर्तनों को वहीं सड़क पर खाली करवा दिया और पूरी बिरयानी नष्ट कर दी। इसके बाद टीम विजय टॉकीज चौराहे पहुंची, जहां रोकसी अंडा दुकान पर अंडे बेचे जा रहे थे। टीम ने सख्ती दिखाते हुए तुरंत दुकान का शटर गिरवाया और उसे बंद कराया। अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी इस अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका के अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में सरकारी आदेशों का उल्लंघन किया गया, तो सिर्फ सामान नष्ट नहीं किया जाएगा बल्कि सीधे दुकान सील करने जैसी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


