फिल्म धुरंधर में नजर आ चुके एक्टर नदीम खान को नौकरानी के साथ रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, 41 साल की महिला की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। महिला का आरोप है कि एक्टर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ सालों तक शारीरिक संबंध बनाए। जब एक्टर ने शादी से इनकार किया तो महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने बताया कि वो करीब दस साल पहले नदीम खान के घर काम करने लगी थी और 2015 में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने कथित तौर पर शादी का वादा किया, लेकिन समय बीतने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ। पहले मामला वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, जिसे बाद में मालवणी पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया है। मालवणी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “महिला के बयान के आधार पर एक्टर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है।” फिलहाल मामले की जांच जारी है। कौन हैं नदीम खान? नदीम खान पिछले कई सालों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने टीवी, फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम किया है। हालांकि, वे ज्यादातर सपोर्टिंग रोल्स में ही नजर आए हैं। एक्टिंग के साथ-साथ नदीम थिएटर से भी जुड़े रहे हैं और कई स्टेज प्ले में परफॉर्म कर चुके हैं। नदीम बतौर सपोर्टिंग एक्टर अमिताभ बच्चन, असरानी, आदिल हुसैन और संजय मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ भी काम कर चुके हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर इन कलाकारों के साथ कई थ्रोबैक तस्वीरें मौजूद हैं। उन्होंने मिमी, वध, मुखबिर: द स्टोरी ऑफ ए स्पाई, मिसेज सीरियल किलर और धड़क जैसी फिल्मों और सीरीज में काम किया है। नदीम खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो हाल ही में आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत के कुक अखलाक के किरदार में नजर आए थे। जल्द ही नीना गुप्ता और संजय मिश्रा की फिल्म वध 2 में नजर आने वाले थे। यह फिल्म 2022 में आई वध का सीक्वल है और 6 फरवरी को रिलीज होने वाली है।
धुरंधर एक्टर नदीम खान रेप के आरोप में गिरफ्तार:शिकायत में नौकरानी ने कहा शादी का झांसा देकर 10 साल तक बनाया शरीरिक संबंध


