उन्नाव बाराबंकी टोल प्लाजा पर वकील से कथित अभद्रता के बाद शुरू हुए विवाद के बीच अब एक नया मामला सामने आया है। उन्नाव जिले के नवाबगंज टोल प्लाजा पर काला कोट पहने कुछ लोगों ने बिना टोल टैक्स दिए जबरन अपनी कार निकाल ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना रविवार देर रात की है, जब कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही लखनऊ नंबर की एक कार नवाबगंज टोल प्लाजा पर पहुंची। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार में सवार काला कोट पहने कुछ लोग टोल कर्मियों से बहस करते हैं और टोल शुल्क देने से इनकार कर देते हैं। टोल कर्मचारी नियमों का हवाला देते हुए भुगतान की मांग करते रहे, लेकिन कार सवारों ने खुद को वकील बताते हुए दबाव बनाया। विवाद बढ़ने पर बूम बैरियर को जबरन उठाकर गाड़ी निकाल ली गई। इस दौरान टोल प्लाजा पर मौजूद एक कर्मचारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “वकील कानून बनाने के लिए होते हैं या उसे बिगाड़ने के लिए?” इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां वकीलों के साथ कथित बदसलूकी के आरोपों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कानून के जानकार माने जाने वाले लोग ही नियमों का खुलेआम उल्लंघन करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर बहस छिड़ गई है।


