राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 38 वर्षीय युवक कृष्ण मुरारी की जिला लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना रविवार को राजेपुर सीएचसी के निकट हुई, जब डबरी निवासी कृष्ण मुरारी दवा लेकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल कृष्ण मुरारी को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, डॉ. परमीत राजपूत ने उन्हें तत्काल जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया था। घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार सीएचसी पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने मौके से गन्ना लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस चालक द्वारा युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बीती रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजेपुर पुलिस के दरोगा श्याम बाबू ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि युवक की जिला लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


